हिमस्खलन
हिमस्खलन (avalanche) किसी ढलान वाली सतह पर तेज़ी से हिम के बड़ी मात्रा में होने वाले बहाव को कहते हैं। यह आमतौर पर किसी ऊँचे क्षेत्र में उपस्थित हिमपुंज में अचानक अस्थिरता पैदा होने से आरम्भ होते हैं। शुरु होने के बाद ढलान पर नीचे जाता हुआ हिम गति पकड़ने लगता है और इसमें बर्फ़ की और भी मात्रा शामिल होने लगती है।
कारण
हिमपुंज में शुरु की अस्थिरता होने के कई कारण हो सकते हैं। सम्भव है कि ढलान के ऊपर हिम की मात्रा इतनी बढ़ गई हो कि वह खिसकने की सीमा पर हो, और इस स्थिति में उसपर वर्षा या और हिमपात हो जाए। कभी-कभी हिमपुंज के ऊपर से गुज़रते हुए स्की करते लोग, स्नोमोबाईल या जानवर हो सकते हैं। बम विस्फोट और भूकम्प से भी हिमस्खलन हो सकता है। एक आम धारणा है कि लोगों के चिल्लाने या ऊँची अवाज़ करने से भी हिमस्खलन हो सकता है लेकिन वैज्ञानिक इसका खंडन करते हैं क्योंकि ध्वनियों का दबाव इतना नहीं होता कि हिमस्खलन कर सके।